शीतला धाम में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं व गोवर्धन लीला का रसपान, भक्ति में सराबोर हुआ धवार क्षेत्र
मोंठ। निकटवर्ती ऐतिहासिक धार्मिक स्थल धवार स्थित माता शीतला धाम मंदिर परिसर में आयोजित 111 श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा गोवर्धन गिरिराज महाराज की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई गई।
कथा व्यास रवि महाराज ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का अत्यंत मनोहारी और जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं मानव जीवन को निष्कपट प्रेम, सरलता और आनंद का संदेश देती हैं। उनके बाल स्वरूप की लीलाएं यह सिखाती हैं कि जीवन में निर्मल हृदय और सच्चे भाव ही ईश्वर तक पहुंचने का सबसे सरल मार्ग हैं।
व्यास जी ने गोवर्धन गिरिराज महाराज की पावन कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान को समाप्त कर यह संदेश दिया कि प्रकृति ही हमारे जीवन का आधार है। गोवर्धन पूजा के माध्यम से यह प्रेरणा मिलती है कि मनुष्य को प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान करना चाहिए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहना चाहिए। साथ ही, यह कथा हमें अहंकार त्यागकर सामूहिक एकता और सहयोग की भावना से जीवन जीने की सीख देती है।
कार्यक्रम के दौरान गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने श्रीमद्भागवत पुराण की आरती कर श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत कथा परीक्षित रामकुमारी संतराम द्वारा विधि-विधान से आरती की गई। वहीं यज्ञ के क्रम में करुणा राघवेंद्र सिंह तोमर ने यज्ञ भगवान एवं हवन कुंड की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
संयोजक महंत विकास गिरी खड़ेश्वरी महाराज ने बताया कि शतचंडी महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातःकाल वेदियों का पूजन तथा सायंकाल 4 बजे से 7 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल पर मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाईं। धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने मेले में जमकर खरीदारी की और परिवार सहित मेले का आनंद उठाया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
थाना अध्यक्ष शाहजहांपुर सत्य प्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा कथा स्थल एवं यज्ञ स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।
इस अवसर पर गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत, राजेंद्र नायक, प्रधान प्रतिनिधि परेश चचोधिया, अशोक श्रीवास्तव, मुन्ना समाधिया, जितेंद्र राजपूत, नरेंद्र राजपूत, जागेश्वर राजपूत, ओमप्रकाश राजपूत, शिवराज सिंह सेंगर, अखिलेश कुशवाहा, ध्रुव दांगी, सोनू पाल, कन्हैयालाल, कमल सिंह सेंगर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र पुजारी द्वारा किया गया।
