Home » Uncategorized » शिवा सैनी बने मैन ऑफ द मैच, हैट्रिक लेने वाले खिलाड़ी को भी मिला विशेष पुरस्कार

शिवा सैनी बने मैन ऑफ द मैच, हैट्रिक लेने वाले खिलाड़ी को भी मिला विशेष पुरस्कार

डी-14 क्रिकेट लीग सीजन-2 : रोमांचक मुकाबले में राम राजा क्लब ने भेल-11 झांसी को 7 रन से हराया

कोंच (जालौन)। डी-14 क्रिकेट लीग सीजन-2 के तहत खेले गए 10 ओवर के रोमांचक मुकाबले में राम राजा क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भेल-11 झांसी को 7 रन से पराजित कर अगले राउंड में जगह बना ली। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंत में बाजी राम राजा क्लब के हाथ लगी। टॉस जीतकर भेल-11 झांसी ने पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए राम राजा क्लब की टीम 109 रन पर आलआउट हो गई। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भेल-11 की टीम 10 ओवर में 102 रन ही बना सकी और 7 रन से मैच गंवा बैठी।मैच के हीरो रहे शिवा सैनी, जिन्होंने 14 गेंदों में 38 रनों की आतिशी पारी खेली। साथ ही गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 2 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके हरफनमौला प्रदर्शन पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले की खास पहल यह रही कि डी-14 टीम के डायरेक्टर सचिन पाटकार ने एक नहीं बल्कि दो प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार दिए। दूसरा पुरस्कार उस खिलाड़ी को मिला जिसने शानदार हैट्रिक लेकर मैच का रुख बदल दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी हरीश और अंकित याग्निक ने निभाई, जबकि विनय कुशवाहा स्कोरर रहे। कमेंट्री पैनल पर आदित्य द्विवेदी, आदिल और हरिओम रहे। आयोजन में अंशुल कुशवाहा, आदित्य द्विवेदी, विनय कुशवाहा, राज अंकित सहित डी-14 टीम का विशेष योगदान रहा। मुकाबले में दर्शकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। शानदार कैच पकड़ने वाले दर्शकों को 100 व 200 रुपये नकद पुरस्कार के साथ स्पॉन्सर्स के वाउचर और कूपन बांटे गए। आज के मैच के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष मनोज राजा रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंजनी श्रीवास्तव, राजेंद्र यादव, प्रदीप महातवानी, राहुल अलाईपुरा, राज कुमार, मृदुल दातरे मौजूद रहे। अतिथियों का आयोजकों द्वारा माल्यार्पण, शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
मैच के सफल आयोजन में मोनू ऑटो पार्ट्स सहित मृदुल, सुमित कौशिक, प्रशांत कुशवाहा, अनिकेत कुशवाहा, प्रवीण, हर्ष शुक्ला, हिमांशु, शिवम कुशवाहा, अंशु, अनिल (मुंशी) सहित पूरी डी-14 टीम का विशेष सहयोग रहा। कुल मिलाकर डी-14 क्रिकेट लीग का यह मुकाबला रोमांच, जज्बे और खेल भावना से भरपूर रहा।नीरज श्रीवास्तव रिपोर्टर बोहदपुरा

133 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *