शाहजहांपुर के तालौड़ बस स्टैंड के पास पुलिस चौकी खोलने की मांग तेज।
मोंठ : शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए तालौड़ बस स्टैंड के पास एक नई पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में महेंद्र पुजारी, अरविंद कुमार खरे, सौराई के प्रधान शिवराज यादव, सिमरिया के प्रधान प्रतिनिधि हरिराम कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों ने एकजुट होकर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश शर्मा को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से
ग्रामीणों का कहना है कि मोंठ से लेकर भांडेर (मध्य प्रदेश सीमा) तक के बीच कोई भी पुलिस चौकी या सहायता केंद्र मौजूद नहीं है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की घटना के समय लोगों को तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल पाती, जिससे क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। खासकर रात्रि के समय स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।
ग्राम प्रधानों ने बताया कि तालौड़ बस स्टैंड के पास सरकारी जमीन उपलब्ध है, जहां आसानी से पुलिस चौकी या पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया जा सकता है। इससे आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। साथ ही, यात्रियों और राहगीरों को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द इस प्रस्ताव पर अमल किया जाए।
