Home » Uncategorized » शाहजहांपुर:राजकीय इंटर कॉलेज में छात्राओं को किया गया जागरूक, एंटी रोमियो टीम ने दी सुरक्षा की जानकारी

शाहजहांपुर:राजकीय इंटर कॉलेज में छात्राओं को किया गया जागरूक, एंटी रोमियो टीम ने दी सुरक्षा की जानकारी

शाहजहांपुर। थाना प्रभारी सोबरन सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस द्वारा शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज में छात्राओं के बीच मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एंटी रोमियो टीम की महिला आरक्षियों ने छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दीं।

महिला आरक्षियों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076 आदि पर संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ हर जरूरतमंद महिला को मिलना चाहिए।

इस दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा निवारण कानून और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके समझाए। साथ ही यह संदेश दिया कि भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करना हर बालिका का अधिकार है, और पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए तत्पर है।

थाना प्रभारी सोबरन सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। समाज में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान में सहयोग करे।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे किसी भी स्थिति में निर्भीक होकर अपनी बात कह सकेंगी। इस मौके पर थाना स्टाफ सहित अध्यापक और छात्र छात्राएं मौजूद रही।

119 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *