मोंठ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को आगामी दीपावली पर्व के मद्देनज़र नगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर क्षेत्राधिकारी मोंठ अजय श्रोतिय को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि दीपावली पर नगर के बाजारों में भारी भीड़ रहती है, जिससे चोरी, जेबकटी व अन्य अपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में पुलिस द्वारा मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती आवश्यक है।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि पर्व के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रहे इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएं। ज्ञापन में मांग की गई कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और दुकानों के आसपास निगरानी रखी जाए ताकि व्यापारी निश्चिंत होकर अपना व्यापार कर सकें। सीओ अजय श्रोतिय ने पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि दीपावली पर्व पर पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा हर संवेदनशील क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी। इस दौरान व्यापार मंडल के हर्षित अग्रवाल, प्रदीप उर्फ टिंकू गुप्ता, कंजे सोनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
