झांसी। रोटरी क्लब ऑफ झांसी एलीट द्वारा लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर के दूसरे दिन महिला सशक्तिकरण दिवस भी उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जय एकैडमी ग्रुप की मैनेजिंग डायरेक्टर आरुषि गुप्त और विशिष्ट अतिथि मां फाउंडेशन की डायरेक्टर नेहा शर्मा रहीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि आरुषि गुप्त ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिलाओं को शिक्षा, अवसर और सम्मान मिले तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती हैं। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष मानसी अग्रवाल ने बताया कि उनका क्लब भी महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्य कर रहा है, जिसके तहत महिला साक्षरता, सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस दिव्यांग कृत्रिम अंग वितरण शिविर में क्लब की महिला सदस्याओं का विशेष योगदान है।
शिविर में दूर-दराज से आए दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ-पैर और अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे अपने दैनिक जीवन के कार्य आसानी से कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रथम दिन 100 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए जबकि 110 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं, जिन्हें शिविर के समापन दिवस 9 मार्च को कृत्रिम अंग मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे की उपस्थिति में वितरित किए जाएंगे।
