योगी सरकार के बजट में झांसी की कई परियोजनाओं का उल्लेख, प्रोत्साहन का ऐलान
नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे वर्किंग वूमेन हॉस्टल का वित्त मंत्री ने किया उल्लेख
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में निवेश और रोजगार का अनुमान किया जाहिर
11 फरवरी, झांसी। योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में झांसी के लिए कई घोषणाएं की हैं और कई मौजूदा परियोजनाओं को लेकर जानकारी दी गई है। इससे यहां की विकास योजनाओं को बल मिलेगा और कार्यों में तेजी आएगी। युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों, बुजुर्गों और कामकाजी वर्ग को बजट में संबोधित किया गया है। बजट घोषणा से डिफेंस कॉरिडोर, नए औद्योगिक शहर की बसावट समेत अन्य विकास परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने बजट भाषण में इन कार्यों का ब्यौरा रखा।
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट भाषण में कहा कि सेफ सिटी की अवधारणा को मूर्त रूप देने व कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा व नए शहरों में एक उचित निवास स्थान उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से प्रदेश के नगर निगमों में वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण एवं नए औद्योगिक क्षेत्र प्रोत्साहन योजना हेतु 5000 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना में अब तक 200 रक्षा उद्योगों की स्थापना हेतु एमओयू हस्ताक्षरित किए गए हैं, जिसमें 35280 करोड़ का निवेश एवं 53263 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार अनुमानित है।
वित्त मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के 17 नगर निगमों को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों के विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न अवसंरचना कार्यों हेतु 800 करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत देश के चयनित कुल 100 शहरों में प्रदेश के 10 शहरों का चयन यथा लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, सहारनपुर व मुरादाबाद का चरणबद्ध रूप से किया गया है।
