मोबाइल के बढ़ते प्रभाव से युवाओं का बौद्धिक विकास प्रभावित: विजय विष्णु गिरी
मोंठ: आधुनिक तकनीक के प्रभाव और पुस्तकों से बढ़ती दूरी पर आदर्श इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता ने गहरी चिंता व्यक्त की। पूर्व प्रवक्ता विजय विष्णु गिरी, ने कहा कि मोबाइल के बढ़ते उपयोग ने युवाओं को किताबों से दूर कर दिया है, जिसका सीधा असर उनके बौद्धिक विकास पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय था जब विद्यार्थी घंटों पुस्तकालयों में बैठकर अध्ययन करते थे और पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान अर्जित करते थे। किताबें केवल जानकारी का स्रोत नहीं थीं, बल्कि वे व्यक्तित्व निर्माण और चिंतन क्षमता को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी थीं। आज स्थिति यह है कि अधिकांश युवा अपना अधिक समय मोबाइल स्क्रीन पर व्यतीत कर रहे हैं, जिससे पढ़ने की आदत लगातार कमजोर होती जा रही है।
विजय विष्णु गिरी ने चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल पर उपलब्ध त्वरित और सतही जानकारी गहराई से अध्ययन की प्रवृत्ति को कम कर रही है। इससे एकाग्रता, स्मरण शक्ति और विश्लेषण क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित करें तथा घरों और विद्यालयों में पठन-पाठन का सकारात्मक वातावरण तैयार करें। उन्होंने कहा कि तकनीक का संतुलित उपयोग आवश्यक है, किंतु पुस्तकों से जुड़ाव बनाए रखना समय की मांग है।
