मोंठ सीएचसी में मरीजों के लिए लगा वाटर कूलर।
मोंठ : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोंठ में मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक वाटर कूलर का उद्घाटन किया गया। यह वाटर कूलर स्वास्थ्य विभाग झांसी से सेवानिवृत्त अवर अभियंता लक्ष्मी नारायण आर्य द्वारा अपने पिता स्वर्गीय सरमन लाल कछौरया की स्मृति में निजी आय से भेंट किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी नारायण आर्य ने बताया कि उनका बचपन मध्यमवर्गीय परिवार में बीता है, जिससे उनके मन में हमेशा गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की भावना रही। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने झांसी जिले के सभी ब्लॉकों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने का संकल्प लिया था, जो अब पूरा हो गया है।
इस अवसर पर डॉ. देवेन्द्र कौशल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के बारे में बातें कई लोग करते हैं, लेकिन अपनी मेहनत की कमाई से निस्वार्थ भाव से सहयोग करने वाले बहुत कम होते हैं।
सीएचसी में वाटर कूलर लगने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी के मौसम में शुद्ध और ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने इस कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। इस मौके पर एआरओ कुलदीप यादव, सर्वेश श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट देवेन्द्र साचन सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
