मोंठ–श्री महाकाल सेवा समिति के तत्वाधान में माँ शीतला किले के मैदान में शुक्रवार को 8 कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अध्यक्ष रानू पांडेय ने बताया कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना और समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने का संदेश भी देते हैं। सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामग्री भी समिति की ओर से भेंट की जाएगी।
कार्यक्रम के संयोजक ऋषि राणा ने बताया कि विवाह समारोह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रूप से संपन्न होगा। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा बारातियों और अतिथियों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा, पेयजल, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
