शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन सहस्त्रधारा स्नान का आयोजन।
मोंठ: कस्बा में कटराबाजार स्थित शिव धाम पर आयोजित श्री श्री 1008 श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर विद्वान यज्ञाचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव परिवार का सहस्त्रधारा स्नान कराया गया। शंखध्वनि, घंटानाद और मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
प्रातःकाल पूजन एवं संकल्प के उपरांत सहस्त्रधारा स्नान की प्रक्रिया आरंभ की गई। यज्ञाचार्यों ने शास्त्रोक्त विधि से जल, दुग्ध, दही, घृत, मधु एवं पवित्र तीर्थ जल से भगवान शिव का अभिषेक कराया। सहस्त्रधारा स्नान में निरंतर जल प्रवाह के माध्यम से शिवलिंग एवं शिव परिवार का स्नान कराया गया, जिसे अत्यंत पुण्यदायी एवं कल्याणकारी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस अनुष्ठान से रोग, शोक और कष्टों का नाश होता है तथा सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
अनुष्ठान में यजमान परिवार के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अभिषेक में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। यज्ञाचार्य बमनुआ संस्कृत महाविद्यालय के प्रबंधक पंडित सालिगराम द्विवेदी ने सहस्त्रधारा स्नान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अनुष्ठान प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व देव प्रतिमाओं को शुद्ध एवं जाग्रत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ज्योतिष मर्मज्ञ एवं कर्मकांड
आचार्य कुंज बिहारी चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी दिनों में नगर भ्रमण, विशेष पूजन, हवन एवं अंत में श्री शिव परिवार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालुओं की लगातार सहभागिता बनी हुई है। इस दौरान एक कन्या का पूजन किया गया। कन्या पूजन में सभी श्रद्धालुओं ने चरण पखारे।यजमान राधिका अभिषेक कुचिया ने विधिवत पूजा अर्चना की। इस मौके पर राजकुमार गुप्ता पूर्व प्रधान, संजय हरकौती, ऋतिक नगरिया, अंशु कुचिया, गोलू कुचिया, अर्णव, सनी सिंधी, डॉ.आलोक नौगरैया, मनमोहन लहारिया, राजेंद्र अग्रवाल, आकाश लोहिया, पंकज सिंधी, पवन सिंधी, सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
