शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
मोंठ : कस्बा के कटराबाजार स्थित शिव धाम निज निवास पर श्री श्री 1008 श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के साथ ही पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की विधिवत शुरुआत हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुईं।
कलश यात्रा शिव धाम से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः आयोजन स्थल पर संपन्न हुई। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। नगरवासियों में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। कलश यात्रा के पश्चात मंडप प्रवेश एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में अभिषेक, रुद्राभिषेक, हवन, नगर भ्रमण एवं अंत में शिव परिवार की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। कार्य्रकम के आयोजक अभिषेक राधिका कुचिया ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। विद्वान यज्ञाचार्य पंडित सालिगराम द्विवेदी, पंडित कुंजविहारी चतुर्वेदी, ने धार्मिक अनुष्ठान विधि विधान से कराया। इस मौके पर दयाल गिरि, संजीव राजपूत, सुरेश कुचिया,संतोष गुप्ता,अरविंद मिश्रा,प्रमोद कुचिया,रामप्रसाद अग्रवाल,गोल्डी कुचिया,बैकुंठ नारायण राजपूत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
