मोंठ में मंगलवार को हनुमान मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
मोंठ: मंगलवार के पावन अवसर पर नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तजन भगवान हनुमान के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी और वातावरण भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा।
प्रातःकालीन आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके उपरांत सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की महिमा का श्रवण किया। शाम के समय भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें महिला एवं पुरुष मंडलियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। ढोलक, झांझ और मंजीरों की धुन पर गाए गए भजनों से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया। नगर के श्री खेड़ापति सरकार हनुमान मंदिर, पूरव मुखी, कटरा बाजार, अखाड़ापुरा सरकार सहित अनेक हनुमान मंदिरों पर सुंदरकांड पाठ आयोजित हुआ।
मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। कतारबद्ध होकर भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखने में मंदिर प्रबंधन एवं स्थानीय स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूरे दिन नगर का वातावरण धार्मिक आस्था और उत्साह से ओतप्रोत रहा।
