मोंठ में किले के मैदान में हुआ अखिल भारतीय विराट दंगल, बुंदेली संस्कृति ने बांधा समां
मोंठ। कस्बे के ऐतिहासिक किले के मैदान में रविवार को अखिल भारतीय विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल में देशभर के नामचीन पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। अखाड़े में जब पहलवान उतरे तो दर्शक उत्साह से झूम उठे। दंगल में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश से आए पहलवानों ने एक से बढ़कर एक मुकाबले दिखाए। विजेता पहलवानों को सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। मंच पर बुंदेलखंड की प्रसिद्ध कवियत्री अनामिका जैन अम्बर ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से दर्शकों में जोश भर दिया। वहीं फाग सम्राट राजेंद्र गुर्जर ने अपनी फाग और लोक गीतों की प्रस्तुति से बुंदेली संस्कृति की झलक पेश की। दोनों कलाकारों के कार्यक्रमों के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत उपस्थित रहे। विधायक ने अतिथियों और कलाकारों का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया और आयोजकों को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं।
दंगल में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अखिल भारतीय विराट दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मोंठ की शाम को अविस्मरणीय बना दिया।




