मोंठ । मोंठ–भांडेर मार्ग के किलोमीटर-3 से मध्यप्रदेश सीमा तक 16.750 किलोमीटर लंबी टू-लेन सड़क के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 52.60 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। परियोजना के लिए 10.52 करोड़ रुपये की प्रारंभिक धनराशि पीडब्ल्यूडी को जारी कर दी गई है। गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि
इस सड़क का निर्माण भरोसा, छपार, पुलगहना, शाहजहांपुर, बझेरा और खजूरी गांवों को जोड़ते हुए एमपी सीमा के ग्राम बरचोली तक किया जाएगा। वर्तमान में सिंगल लेन सड़क जर्जर हो चुकी है, जिसे चौड़ा कर आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही मोंठ–भांडेर इंटर स्टेट मार्ग के 3–4 किलोमीटर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए 3.50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत कर दिए गए हैं।
विधायक राजपूत ने बताया कि नई सड़क के निर्माण से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बरसात के मौसम में जिन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, उन्हें अब राहत मिलेगी। एमपी की ओर आवागमन सुगम होने से दोनों राज्यों के बीच आर्थिक व सामाजिक संपर्क मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरौठा विधानसभा में अनेक सड़कों के निर्माण की स्वीकृति दी है जिसमें बगौनिया, बरथरी, पठा, सेरसा–पूंछ–धमधोली सहित अन्य संपर्क मार्गों के निर्माण व मरम्मत के लिए भी धनराशि जारी कर दी गई है। विधायक ने कहा कि “डबल इंजन सरकार” ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क नेटवर्क के लिए प्रतिबद्ध है और सभी स्वीकृत कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता कपिल मुदगिल ,वीर प्रताप चौहान, विकास निरंजन, , धर्मेन्द्र वर्मा, राजा बुंदेला सौरभ दुबे, अनिल सोनी, नीलेश कुमार, देवेन्द्र अग्रवाल, सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
