मोंठ तहसील में कुत्तों के काटने की घटनाएं बढ़ीं, ट्रॉमा सेंटर में बढ़ी मरीजों की भीड़।
मोंठ : तहसील क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं इन दिनों तेजी से बढ़ रही हैं। नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में कुत्तों के काटने के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि प्रतिदिन औसतन आधा दर्जन से अधिक लोग इलाज के लिए मोंठ ट्रॉमा सेंटर पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्लों और गलियों में आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे राहगीरों को खतरा बना रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी हमले की घटनाएं सामने आई हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रोजाना एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने वालों की संख्या बढ़ी है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
नगरवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
:::: स्वास्थ केंद्र के अधीक्षक डॉ एमपी राजपूत ने लोगों से अपील की है कि कुत्ते के काटने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराएं और लापरवाही न बरतें। मोंठ अस्पताल में इस समय कुत्तों के काटने के रोगियों की संख्या बढ़ गई है। सभी का उपचार किया जा रहा है।
