मोंठ कोतवाली पहुंचे सीओ अजय श्रोतिय, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
मोंठ: क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को देर शाम क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोंठ अजय श्रोतिय ने मोंठ कोतवाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कोतवाली प्रभारी सहित मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीओ अजय श्रोतिय ने विशेष रूप से रात्रि गश्त को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि रात्रि के समय संवेदनशील स्थानों, बाजार क्षेत्रों एवं आवासीय इलाकों में नियमित और सतत गश्त की जाए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही हाईवे पर पेट्रोलिंग को और तेज करने के निर्देश दिए गए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा सके।
सीओ ने हल्का बीट प्रभारियों को अपने-अपने हल्का क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही सीओ ने अभिलेखों की भी समीक्षा की और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, सतर्कता और जनहित में कार्य करने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी राजेश पाल सिंह मौजूद रहे।
