
मोंठ–कस्बा के श्री शीतला धाम प्रांगण में चल रही दिव्य एवं भव्य श्री राम कथा की पावन श्रृंखला में एक सायं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी रही।कार्यक्रम का शुभारंभ महंत वैदेही शरण महाराज अयोध्या धाम एवं कथा व्यास शान्तनु महाराज ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया अवसर पर कथा की शाम को और भी अधिक आनंदमय एवं भावपूर्ण बनाने के लिए भोपाल से पधारीं सुप्रसिद्ध बुंदेली कलाकार एवं गायिका कविता शर्मा तथा कॉमेडी ग्रुप सागर से आए प्रसिद्ध हास्य कलाकार आशीष उपाध्याय एवं मनोज तिवारी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बुंदेली लोकसंस्कृति की सुरीली धुनों से हुई। गायिका कविता शर्मा ने अपनी मधुर आवाज़ में बुंदेली भजनों, लोकगीतों एवं रामभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं की प्रस्तुति दी। उनके गीतों में बुंदेलखंड की माटी की खुशबू, परंपरा और संस्कार स्पष्ट रूप से झलक रहे थे। “राम नाम की महिमा” और “बुंदेली भक्ति गीतों” पर श्रोता भाव-विभोर होकर झूम उठे। कई श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर ताली बजाते नजर आए, वहीं कुछ श्रोता भावुक होकर प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाने लगे।
इसके पश्चात कॉमेडी ग्रुप सागर से आए आशीष उपाध्याय एवं मनोज तिवारी ने अपनी सुसंस्कृत हास्य प्रस्तुति से वातावरण को उल्लास से भर दिया। उन्होंने अपने चुटीले संवादों, सामाजिक व्यंग्य एवं पारिवारिक जीवन से जुड़े हास्य प्रसंगों के माध्यम से दर्शकों को खूब हँसाया। बीच-बीच में उन्होंने बुंदेली भाषा का प्रयोग कर स्थानीय जनता से विशेष जुड़ाव भी बनाया।कार्यक्रम के आयोजक रामजी परिहार ने आये हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर अनेक लोग मौजूद रहे।
