झांसी, 29 सितम्बर।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी के सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज कुमार बनोरिया का चयन अमेरिकन कॉलेज ऑफ सर्जन्स (FACS) की फैलोशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उत्साहवर्धन किया।
डॉ. बनोरिया ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में फैलोशिप के लिए आवेदन किया था। सभी औपचारिकताओं और मई 2025 में इंटरव्यू के बाद 10 जून को उन्हें मेल द्वारा चयन की सूचना दी गई। अब उन्हें शिकागो, अमेरिका में 4 से 7 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित होने वाले कन्वेंशन में फैलोशिप प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से पहली बार किसी प्रोफेसर का चयन इस प्रतिष्ठित फैलोशिप के लिए हुआ है, जो पूरे झांसी और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने भी डॉ. बनोरिया को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा तथा आशी हेल्थ टेक के प्रबंध निदेशक समर्थ दीक्षित मौजूद रहे।