जालौन :० उरई शहर के बीच सड़क पर हुई मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कार और बुलेट सवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जहां दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
बताया जा रहा है कि घटना उरई कोतवाली क्षेत्र में गोविंद स्वीट हाउस के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। सड़क पर अचानक मारपीट शुरू होने से वहां भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित मनु सिंह अकबर पुर कानपुर देहात का आरोप है कि वह सड़क किनारे से गुजर रहे थे, तभी कार सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद विवाद बढ़ गया और कार से उतरे लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि उनके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ भी हाथापाई की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा लिखित शिकायत मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या सड़क पर छोटी-सी बहस भी अब हिंसा का रूप लेने लगी है।
रविकांत द्विवेदी जालोंन 🖊️📹
