लक्ष्मी गार्डन में माटीकला जागरूकता एवं टूल किट वितरण कार्यक्रम सम्पन्न
झांसी। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से शनिवार को लक्ष्मी गार्डन, कोछाभांव में एक दिवसीय माटीकला जागरूकता एवं टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम और जिला पंचायत सदस्य चंदन सिंह कुशवाहा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
कार्यक्रम में माटीकला कारीगरों को विद्युत चालित चाक, पगमिल मशीन, दोना बनाने की मशीन और पॉपकॉर्न मशीन वितरित की गईं। साथ ही बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्राध्यापकों ने माटीकला से जुड़े तकनीकी और उद्यमिता संबंधी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम ने कहा कि माटी शिल्पकारों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। माटीकला बोर्ड का उद्देश्य पारंपरिक कुम्भकारों और शिल्पियों को योजनाबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देकर उनके उद्यमिता कौशल का विकास करना है। आर्थिक और तकनीकी सहायता के माध्यम से शिल्पकारों की आय बढ़ाने तथा पारंपरिक माटी शिल्पकला के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से प्रशिक्षण, औजार एवं उपकरण सहायता, कार्यशाला अनुदान, अध्ययन प्रवास, विकास कार्यक्रम और विपणन सहायता जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे माटी शिल्पियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके।
कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में माटीकला कारीगर और नगरवासी मौजूद रहे। इस दौरान जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रामकिशोर गुप्ता, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. रामेंद्र कुमार गुप्त, सहायक आचार्य डॉ. रानी शर्मा, सहायक निदेशक रेशम जेपी अनुरागी, कैलाश चंदेल और अखिलेश चतुर्वेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने आभार व्यक्त किया।
