झांसी मण्डल में तीन दिवसीय विशेष अभियान में पेंशन और श्रमिक पंजीकरण के 4309 लाभार्थी बने पात्र
झांसी। मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे के निर्देश पर झांसी मण्डल के तीनों जनपदों—झांसी, जालौन और ललितपुर—में वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और श्रमिक पंजीकरण के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया।
यह अभियान 9, 10 और 11 अक्टूबर 2025 को ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें योजनाओं के लाभ से शत-प्रतिशत आच्छादित करना था। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों में कचरा निस्तारण, जलभराव नियंत्रण तथा विद्यालय, अस्पताल, मुक्तिधाम, पंचायत भवन आदि के संपर्क मार्गों को दुरुस्त कराने की पहल भी की गई।
समाज कल्याण उप निदेशक एस.एन. त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत झांसी मण्डल के 23 विकासखण्डों की 1485 ग्राम पंचायतों में कुल 722 शिविर आयोजित किए गए। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 1993, निराश्रित महिला पेंशन के 697, दिव्यांग पेंशन के 299 तथा 1320 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया।
जनपदवार आंकड़ों के अनुसार—
- झांसी जिले के 8 विकासखण्डों की 496 ग्राम पंचायतों में 211 शिविर लगाए गए, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन के 884, निराश्रित महिला पेंशन के 252, दिव्यांग पेंशन के 113 और 233 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया।
- जालौन जिले के 9 विकासखण्डों की 574 ग्राम पंचायतों में 349 शिविर आयोजित हुए, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन के 592, निराश्रित महिला पेंशन के 260, दिव्यांग पेंशन के 95 और 418 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया।
- ललितपुर जिले के 6 विकासखण्डों की 415 ग्राम पंचायतों में 162 शिविर लगे, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन के 517, निराश्रित महिला पेंशन के 185, दिव्यांग पेंशन के 91 और 669 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया।
इस विशेष अभियान के माध्यम से हजारों पात्र ग्रामीणों को पेंशन योजनाओं एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं से जोड़ा गया, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सहायता का लाभ प्राप्त होगा।
