Home » Uncategorized » बुंदेलखंड में पर्यटन उद्योग की अपार संभावनाएं : जिलाधिकारी

बुंदेलखंड में पर्यटन उद्योग की अपार संभावनाएं : जिलाधिकारी


विश्व पर्यटन दिवस पर बरुआसागर किला भ्रमण कार्यक्रम आयोजित

झांसी।
विश्व पर्यटन दिवस-2025 के अवसर पर शनिवार को अटल पार्क से स्कूली छात्राओं को बरुआसागर किला भ्रमण के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में पर्यटन उद्योग की असीम संभावनाएं हैं, जो प्रदेश की वन ट्रिलियन इकोनॉमी में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

पर्यटन से बढ़ेंगी आर्थिक गतिविधियां

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन उद्योग छोटे-बड़े सभी उद्योगों को जोड़ता है और किसी भी क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि जनपद में “बेड एंड ब्रेकफास्ट” तथा होमस्टे-नीति 2025 पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी।

युवाओं की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

चौधरी ने कहा कि बुंदेलखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक धरोहर, खानपान और परंपराएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। पर्यटन के विकास में युवाओं की बड़ी भूमिका है, इसी उद्देश्य से विभिन्न विद्यालयों में युवा पर्यटन क्लब स्थापित किए गए हैं।

छात्राएं बनीं पर्यटन एम्बेसडर

विश्व पर्यटन दिवस एवं मिशन शक्ति 5.0 के तहत स्कूली छात्राओं को बरुआसागर किला दिखाया गया। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजन का समन्वय लेखक अनिरुद्ध रावत ने किया। बरुआसागर किले के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी प्राचार्य डॉ. विकास वर्मा ने दी।

पर्यटन विकास पर जोर

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बुंदेलखंड में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में अध्यापिका नीतू सिंह ने विद्यालयों से समन्वय स्थापित कर सहयोग दिया।

अतिथियों की उपस्थिति

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, वरिष्ठ मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे (नेशनल हेल्थ मिशन), अध्यक्ष ट्रेवल टूर एसोसिएशन अनिरुद्ध रावत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


97 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *