झांसी: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का दतिया आगमन पर युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया। दतिया एयरपोर्ट पर गरौठा क्षेत्र के पूर्व विधायक,वरिष्ठ नेता दीपनारायण सिंह के पुत्र दीपांकर यादव( मून )ने अपने युवा साथियों के साथ मिलकर पूर्व मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एयरपोर्ट परिसर में पहुंच गए थे। जैसे ही अखिलेश यादव वहां पहुंचे, युवाओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और नारों के साथ उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल ने पूरे परिसर को राजनीतिक ऊर्जा से भर दिया।
दीपांकर यादव ने कहा कि युवाओं में समाजवादी विचारधारा को लेकर लगातार उत्साह बढ़ रहा है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विकास की नई उम्मीद दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि युवा वर्ग पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
अखिलेश यादव ने भी युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि युवाओं की भागीदारी से ही मजबूत समाज और बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। उनके स्वागत कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
