बिना नंबर प्लेट और चेहरा ढके संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश।
मोंठ: क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोंठ अजय श्रोतिय ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को बिना नंबर प्लेट के वाहनों तथा चेहरा ढककर घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सीओ ने कहा कि अपराध की घटनाओं को देखते हुए वाहन चेकिंग अभियान को और सख्ती से चलाया जाए। पुलिस टीमों को प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना नंबर प्लेट चल रहे दोपहिया व चारपहिया वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने तथा वाहन चालकों की पहचान सत्यापित करने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चेहरा ढककर अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जाए और संदिग्ध पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सीओ अजय श्रोतिय ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी जा सके।
