बलिया। बैरिया क्षेत्र स्थित संत शिरोमणि सुदिष्टबाबा के समाधि स्थल पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धा भाव से माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटे लाल चौधरी, जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह सहित दो दर्जन से अधिक एसोसिएशन के साथी मौजूद रहे।
समाधि स्थल पर सभी पत्रकार साथियों ने संत शिरोमणि सुदिष्टबाबा के प्रति श्रद्धा अर्पित की और क्षेत्र में सुख-शांति व सद्भाव की कामना की। इसके उपरांत सभी लोग बैरिया में आयोजित पारंपरिक धनुष मेले में पहुंचे, जहां उन्होंने मेले की रौनक का आनंद लिया। पत्रकार साथियों ने जलेबी के साथ सब्जी का स्वाद लिया और ग्रामीण परिवेश में लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले की परंपराओं को नजदीक से देखा।
मेले के दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह व उनकी टीम द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों और साथियों का अंग वस्त्र देकर सम्मान किया गया। इस दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों, संगठन की मजबूती, ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकारों की भूमिका और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आपसी एकता और सहयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि संगठन हमेशा पत्रकारों के हितों की रक्षा और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
संत शिरोमणि सुदिष्टबाबा के समाधि स्थल पर आयोजित यह कार्यक्रम आस्था, परंपरा और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक बना। जिलाध्यक्ष और उनकी पूरी टीम द्वारा किए गए इस आयोजन की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे एक प्रेरणादायक पहल बताया।
