Home » Uncategorized » पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह ने किसानों से की मुलाकात, फसल बर्बादी पर सरकार से मांगा मुआवजा

पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह ने किसानों से की मुलाकात, फसल बर्बादी पर सरकार से मांगा मुआवजा

मोंठ। रविवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव ने मोंठ तहसील क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर किसानों की फसल बर्बादी का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में जाकर हालात देखे और किसानों के आंसू पोंछते हुए कहा कि सरकार को तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।

जनपद में बीते दिनों हुई बे-मौसम बरसात ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान, उड़द और तिलहन जैसी फसलें पानी में डूबकर नष्ट हो गई हैं। इस नुकसान से अन्नदाता गहरे संकट में हैं। स्थिति को देखकर पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि “यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि किसानों का साथ देने का है। जब किसान संकट में होता है, तब पूरा समाज प्रभावित होता है।”

पूर्व विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी सरकार के समय हर प्राकृतिक आपदा में किसानों को त्वरित राहत दी जाती थी। उन्होंने वर्तमान सरकार से भी उसी संवेदना के साथ प्रभावित किसानों की सहायता करने की अपील की। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल नुकसान का सर्वे कराकर वास्तविक स्थिति से सरकार को अवगत कराए, ताकि राहत राशि जल्द वितरित की जा सके।

दीपनारायण सिंह यादव ने ग्राम बमरौली, वरथरी, मोंठ, अमरा सेमरी, आदि आधा दर्जन ग्रामो का भृमण कर फसलो का नुकसान देखा। खेत पर किसानों से संवाद कर भरोसा दिलाया कि वे उनकी हर संभव मदद के लिए सदैव तैयार हैं और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि वे प्रभावित गांवों में जाकर नुकसान का सही आकलन करें और किसी पात्र किसान को मुआवजा से वंचित न रखा जाए।

किसानों ने पूर्व विधायक के इस दौरे की सराहना करते हुए कहा कि जब खेतों में सिर्फ नुकसान और निराशा दिख रही है, ऐसे समय में नेता का इस तरह गांव और खेतों में आना उन्हें हिम्मत देता है। ग्रामीणों ने आशा जताई कि उनकी समस्याओं को आवाज देने से सरकार जल्द राहत के कदम उठाएगी।
पूर्व विधायक के साथ मोंठ के पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत मोंठ अनुरुद्ध सिंह यादव बड़े राजा, जगतपाल सिंह , अनिल यादव मामा अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।

300 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *