Home » Uncategorized » पूंछ में सियार के हमले से किसान घायल, आत्मरक्षा में सियार की मौत

पूंछ में सियार के हमले से किसान घायल, आत्मरक्षा में सियार की मौत


पूंछ कस्बा क्षेत्र में मंगलवार सुबह घने कोहरे के बीच एक किसान पर सियार के हमले से दहशत फैल गई। रेलवे लाइन किनारे शौच के लिए गए किसान पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। करीब आधे घंटे तक किसान और सियार के बीच संघर्ष चलता रहा। इस दौरान किसान के दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए। हालांकि आत्मरक्षा में किसान ने सियार के दोनों पिछले पैर पकड़कर उसे काबू में कर लिया, जिससे सियार की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पूंछ वेद प्रकाश पांडे किसान का हालचाल लेने उसके घर पहुंचे। घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक टीके लगाए। किसान की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पीड़ित किसान की पहचान ग्राम पूंछ निवासी मोतीलाल पुत्र बाबूलाल प्रजापति (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। किसान ने बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे घर के बाहर रेलवे लाइन किनारे शौच के लिए गया था, तभी झाड़ियों से निकले सियार ने उस पर हमला कर दिया। कोहरे के कारण मदद भी तुरंत नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सियार, लोमड़ी और जंगली जानवरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आसपास घने जंगल होने के बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक तारबंदी नहीं की गई है। जंगली जानवर अक्सर खेतों में घुसकर फसलें नष्ट कर देते हैं और कई बार महिलाओं व बच्चों पर भी हमला कर चुके हैं। इससे किसान और मजदूर खेतों पर जाने से डरने लगे हैं।
पीड़ित किसान मोतीलाल ने बताया कि वह गरीब मजदूर है और इलाज व कामकाज ठप होने से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से क्षेत्र में तारबंदी कराने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

118 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *