पूंछ: कस्बे के बाबई रोड स्थित एक मकान में मंगलवार सुबह नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बाबई रोड निवासी देवेंद्र वर्मा पुत्र स्व. हरिशंकर की शादी उरई (जालौन) के नया रामनगर निवासी रंजना (22) पुत्री नंदकिशोर के साथ 12 फरवरी को हुई थी। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे रंजना का शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मायके पक्ष को सूचना दी। खबर मिलते ही रंजना के माता-पिता व अन्य रिश्तेदार पहुंच गए, जहां चीख-पुकार मच गई।
रंजना के पिता नंदकिशोर ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दहेज व जेवरात दिए थे। उनका कहना है कि शादी के बाद रंजना एक बार मायके आई थी और बीते शुक्रवार को ही ससुराल लौटी थी। मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र कर लिए हैं। क्षेत्राधिकारी गरौठा देवेंद्र नाथ मिश्र, नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।
