जालौन। संवाददाता नीरज श्रीवास्तव, बोहदपुरा
ग्राम खर्रा निवासी राजेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर अपनी पुत्रवधू पर जेवर और नकदी लेकर मायके जाने के बाद वापस न लौटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजेश कुमार ने बताया कि वे और उनका बेटा मोहन सिंह पानी पूरी बेचने का काम करते हैं और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं। घर पर उनकी पुत्रवधू रहती थी। मेहनत से कमाई गई रकम से उन्होंने उसके लिए मंगलसूत्र, पायल, झुमकी, ओम, हथफूल, झल्लरपेटी सहित कई जेवर बनवाए थे। घर में करीब दो लाख रुपये नकद भी रखे थे।
आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व पुत्रवधू सभी गहने और नकदी लेकर मायके चली गई थी। उस समय पिता-पुत्र दोनों धंधे के लिए बाहर जा रहे थे, इसलिए तत्काल कार्रवाई नहीं कर सके। बाद में जब बेटा उसे लेने गया तो वह वापस नहीं आई। कई बार बुलाने के बावजूद भी पुत्रवधू ससुराल नहीं लौटी।
राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके बेटे के पास फोन आया कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ जेवर और नकदी लेकर कहीं चली गई है। इस पर पीड़ित ससुर ने पुलिस से पुत्रवधू की सकुशल बरामदगी और गहने-रुपयों की वापसी की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
