पीसीएस 2024 में प्रिंसी यादव का चयन, असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी बनीं
मोंठ/झांसी। क्षेत्र के ग्राम गौपुरा की प्रतिभाशाली बेटी प्रिंसी यादव ने यूपी पीसीएस 2024 परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी के पद पर हुआ है। प्रिंसी यादव, माधव सिंह यादव की पुत्री हैं और उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। माधव सिंह यादव इस समय जनपद औरैया में पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर तैनात है
प्रिंसी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आगरा के विद्यालय से प्राप्त करने के बाद उच्च शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर उन्होंने यह सफलता अर्जित की। परिवारजनों ने बताया कि प्रिंसी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाना था, जिसे उन्होंने अपनी मेहनत से हासिल कर दिखाया। प्रिंसी ने कुछ समय के लिए दिल्ली में रहकर तैयारी की लेकिन कोविड के बाद वह गांव में आकर रहने लगी थी और गांव में ही रहकर ही तैयारी की है
प्रिंसी का यह दूसरा प्रयास है जिसमें उन्होंने सफलता प्राप्त कर परिवार समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है
प्रिंसी की सफलता पर ग्रामवासियों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। वहीं, परिजनों ने खुशी का इजहार किया और प्रिंसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रिंसी यादव की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण परिवेश में रहकर भी दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
ग्राम के प्रधान बबलू यादव ने प्रिंसी की चयन पर गांव में मिष्ठान वितरण कर इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि गांव में रह रही गॉव की बेटी ने सफलता का पर्चा फहराकर गांव का नाम रोशन किया है
