पल्स पोलियो उन्मूलन को लेकर मोंठ में जागरूकता रैली आयोजित।
मोंठ: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. एमपी राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी घातक बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान अत्यंत आवश्यक है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। रैली में स्वास्थ्य कर्मियों, आशा बहुओं, तथा अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को पोलियो की दवा पिलाने के प्रति जागरूक करती रही। प्रतिभागियों ने “दो बूंद जिंदगी की”, “पोलियो को जड़ से मिटाना है” जैसे नारे लगाकर आमजन को प्रेरित किया।
अधीक्षक डॉ. एमपी राजपूत ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अवश्य पोलियो की दवा पिलवाएं और किसी भी प्रकार की भ्रांति पर ध्यान न दें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रैली के माध्यम से लोगों को पोलियो उन्मूलन के महत्व की जानकारी दी और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर स्वास्थ कर्मी मौजूद रहे।
