धवार की माता मंदिर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, 1.60 किमी सड़क पर 3.40 करोड़ खर्च
मोंठ। शाहजहांपुर क्षेत्र के ग्राम पाण्डोरीडोरी ग्राम पंचायत स्थित ऐतिहासिक धवार की माता मंदिर तक जाने वाले करीब 1.60 किलोमीटर लंबे मार्ग का लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 3 करोड़ 40 लाख रुपये है। मोंठ-भांडेर मार्ग पर स्थित शीतला माता गेट से देवी मंदिर तक के इस मार्ग को चौड़ा कर सीसी युक्त बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सोमवार को क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन कर सड़क चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धवार की माता मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेषकर नवरात्रि और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां भारी भीड़ रहती है। सड़क संकरी होने के कारण आवागमन में दिक्कतें आती थीं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। सड़क के चौड़ीकरण से यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। यह मार्ग न केवल मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी होगा, बल्कि आसपास के गांवों के किसानों और आम नागरिकों के लिए भी आवाजाही आसान बनाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। सेवड़ा पहाड़, चकाडोरी आश्रम एरच सहित अन्य स्थलों पर भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। एरच में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नरसिंह भगवान की प्रतिमा स्थापित कर मंदिर निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है।
इस मौके पर राजेंद्र नायक, कपिल मुदगिल, परेश चचोधिया, वीर प्रताप सिंह, राजेंद्र शर्मा, जागेश्वर राजपूत प्रकाश राजपूत, मुकेश राजपूत सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र पुजारी ने किया।
