दुकान में चोरी का प्रयास, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात।
मोंठ: कस्बा के शाहपुर बस स्टैंड के समीप बीती रात अज्ञात चोरों ने एक दुकान में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने पहले दुकान की छत पर लगी सीमेंट की चादर तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर शटर तोड़ने का भी प्रयास किया। हालांकि शटर मजबूत होने के कारण चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार आकाश पुरी ने छत की चादर टूटी और शटर क्षतिग्रस्त देखा तो उन्हें चोरी के प्रयास की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध युवक चोरी का प्रयास करते दिखाई दिए।
दुकानदार आकाश पुरी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। उपनिरीक्षक हल्का प्रभारी प्रतीक श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अज्ञात व्यक्तियों की शिनाख्त कर कार्रवाई की जाएगी
