Home » Uncategorized » दीपावली से पहले जालौन में खाद्य सुरक्षा अभियान

दीपावली से पहले जालौन में खाद्य सुरक्षा अभियान


400 किलोग्राम सोहन पापड़ी, 200 किलोग्राम चीनी के गट्टे व 80 किलोग्राम खोया नष्ट

उरई, 14 अक्टूबर 2025: दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन जालौन की टीम सक्रिय रही। टीम ने जालौन और माधौगढ़ तहसीलों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संगृहीत किए और दोषी खाद्य पदार्थ नष्ट किए।

जालौन तहसील में देवा फूड प्रोडक्ट प्रो मोहम्मद नाजिम के परिसर से सोहन पापड़ी के 2 नमूने, चीनी के गट्टे और मैदा का नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही 400 किलोग्राम सोहन पापड़ी और 200 किलोग्राम चीनी का गट्टा नष्ट किया गया। कुठौंद के जय मां जालौन देवी दूध डेयरी प्रो सत्यनारायण के प्लांट से खोया का नमूना लिया गया और 60 किलोग्राम दूषित खोया नष्ट किया गया। नेचुरल चॉइस डेयरी से खोया का नमूना संगृहीत कर सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया।

माधौगढ़ तहसील में राकेश के परिसर से सरसों का तेल, सुनील के परिसर से किसमिस और ग्राम मढ़ा के अवधेश के परिसर से खोया का नमूना संग्रहित किया गया और 20 किलोग्राम खोया नष्ट किया गया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

सफाई और मानक संतोषजनक न पाए जाने पर सुधार नोटिस भी निर्गत किए गए। दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्यवाही की जाएगी। अभियान त्योहार तक जिले के विभिन्न बाजारों में जारी रहेगा।

इस दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, महेश प्रसाद, अनिल कुमार शंखवार और सुनील कुमार उपस्थित रहे।

सुनील सक्सेना, पत्रकार, नावली


93 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *