झांसी, 15 अक्टूबर 2025।
दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जनपद झांसी के 2,15,295 लाभार्थियों को नि:शुल्क गैस सिलेंडर रिफिल वितरण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उज्ज्वला योजना के तहत ₹1,500 करोड़ की धनराशि से प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण अभियान की शुरुआत की।
झांसी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद और अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया।
उज्ज्वला योजना से महिलाओं के चेहरों पर लौटी मुस्कान
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत 1 मई 2016 को गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इस योजना से महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे के धुएं से मुक्ति और स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। दीपावली पर नि:शुल्क गैस सिलेंडर मिलने से लाभार्थी महिलाएं प्रसन्न नजर आईं।
महिलाओं ने कहा, “सरकार हो तो ऐसी, जो त्योहारों पर भी अपने लाभार्थियों का ध्यान रखे और हर घर में खुशियों का प्रकाश फैलाए।”
लाभार्थियों के खातों में स्थानांतरित होगी सब्सिडी
जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि जनपद के सभी 2,15,295 उज्ज्वला लाभार्थियों को नि:शुल्क एलपीजी रिफिल प्रदान की जा रही है। प्रत्येक रिफिल का उपभोक्ता मूल्य ₹894.48 है, जिसमें केंद्र सरकार ₹335.40 और राज्य सरकार ₹559.58 प्रति सिलेंडर सब्सिडी दे रही है।
मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने बताया कि लाभार्थी उपभोक्ता दर पर रिफिल प्राप्त करेंगे, जिसके बाद सब्सिडी की राशि उनके आधार-प्रमाणित बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। उन्होंने अपील की कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं, वे तत्काल प्रमाणीकरण कराएं, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यक्रम में रही व्यापक सहभागिता
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक, ऑयल कंपनियों के नोडल अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।
