दीपावली पर्व को लेकर सीओ मोंठ ने दिए सख्त निर्देश
मोंठ। आगामी दीपावली पर्व को शांति और सौहार्द के माहौल में मनाए जाने को लेकर क्षेत्राधिकारी मोंठ अजय श्रोतिय ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सीओ ने कहा कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक बाजारों में विशेष सतर्कता बरती जाए। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई जाए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
अजय श्रोतिय ने निर्देश दिए कि धनतेरस के दिन बाजारों में खरीदारी को लेकर भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जाम की स्थिति से निपटने की पुख्ता व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति उन्हें जागरूक किया जाए। व्यापारी संगठनों से तालमेल बनाकर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
सीओ ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी सुरक्षा या कानून व्यवस्था को लेकर ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद रखा जाए और हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखी जाए। दीपावली पर्व पर आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसके लिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
