दिशा बैठक: मऊरानीपुर में ट्रामा सेंटर की पहल, एनएचएआई सिक्स लेन के 21 ओवरब्रिज प्रस्तावित
झांसी। कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में सांसद अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। 73 एजेंडा बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनप्रतिनिधियों से सतत संवाद पर जोर दिया गया।
बैठक में कहा गया कि विभागीय योजनाओं के लक्ष्य, प्रगति और लाभार्थियों की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा की जाए, ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान सत्यापन हो सके और समस्याएं शासन स्तर पर उठाई जा सकें। पात्र लाभार्थियों के चयन की सूची भी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए।
वीबी-जी राम जी का प्रचार-प्रसार
बैठक में विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन (VB-G RAM G) के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों को गाइडलाइन उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि ग्रामीणों को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके।
आवास योजनाओं की सूची चस्पा करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी की समीक्षा में लाभार्थियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के निर्देश दिए गए। शहरी क्षेत्र के 18,368 लंबित आवेदनों की प्राथमिकता से जांच कर निस्तारण करने को कहा गया।
‘एक जिला-एक व्यंजन’ में महिला समूहों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के तहत “एक जिला-एक व्यंजन” को सफल बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने को कहा गया। ब्लॉकों में निर्मित दुकानों का आवंटन महिला समूहों को कर आजीविका सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
मऊरानीपुर में ट्रामा सेंटर की मांग
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा में मऊरानीपुर तहसील में ट्रामा सेंटर स्थापित करने हेतु भूमि चिन्हित करने का सुझाव दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई सुधारने और निजी एंबुलेंस की अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन और सड़क मरम्मत
जल जीवन मिशन के तहत 10 में से 7 परियोजनाएं पूर्ण होने की जानकारी दी गई। शेष योजनाओं को शीघ्र पूरा कर हर घर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने और ग्रामवार सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।
झांसी–कानपुर सिक्स लेन: 21 स्थानों पर ओवरब्रिज
एनएचएआई सिक्स लेन परियोजना के तहत गोरा मछिया, बचावली, बड़ागांव, बराठा, पारीछा, गुलारा, महेवा तिराहा, पहाड़ी बुजुर्ग, चिरगांव बाईपास-1 व 2, बरल, करगुवां, अम्मरगढ़, अटरिया, मोंठ, खिल्ली, पनारी, अमरोख, पूंछ बाईपास-1 व 2 तथा सेसा सहित 21 स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढों की मरम्मत और छुट्टा गोवंश से हो रही दुर्घटनाओं पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
मनरेगा व विद्युत व्यवस्था
वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत 4,000 श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। बैठक में विद्युत व्यवस्था में सुधार पर संतोष जताते हुए निरंतरता बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने संचालन किया। बैठक में जनप्रतिनिधियों व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
