झाँसी—
जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने एक अभिनव पहल करते हुए आईजीआरएस, मुख्यमंत्री संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, तहसील दिवस सहित अन्य प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों के गुणवत्तापरक निस्तारण को लेकर अधिकारियों की लिखित परीक्षा आयोजित कराई।
कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस लिखित परीक्षा का उद्देश्य यह परखना था कि अधिकारी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप निस्तारण कैसे करें। परीक्षा में कुल 25 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए, प्रत्येक प्रश्न 2 अंकों का था।
परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाए रखने के लिए एडीएम नमामी गंगे योगेंद्र कुमार एवं उनकी पूरी टीम को इनविजिलेटर नियुक्त किया गया। इनविजिलेटरों ने सभागार में लगातार भ्रमण करते हुए कड़ी निगरानी रखी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सकी। परीक्षा के दौरान अधिकारियों के चेहरों पर तनाव साफ दिखाई दिया।
इस परीक्षा में विभिन्न विभागों के लगभग 180 अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री फरियादियों की संतुष्टि को लेकर अत्यंत गंभीर हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर उसकी स्पष्ट व संतोषजनक रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए, तभी जनपद की रैंकिंग में सुधार संभव है। डिफॉल्टर पाए जाने या निस्तारण की गुणवत्ता खराब होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस (जनसुनवाई) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, प्रक्रिया एवं शासनादेश से संबंधित मूल्यांकन के आधार पर 10 सर्वश्रेष्ठ और 10 फिसड्डी अधिकारियों के नाम पोर्टल पर सार्वजनिक किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण को लेकर जनपद के मूल्यांकन के पैरामीटर बदल चुके हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण पूरी गंभीरता और सही ढंग से किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे योगेंद्र कुमार, ईडीएम आकाश रंजन, वरिष्ठ सहायक शिवाकांत सहित पूरी टीम ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, एडीएम न्याय ए.के. गौड़, सचिव जेडीए उपमा पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, डीडीओ सुनील कुमार, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, अधिशासी अभियंता आरईएस रजनीश कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी एवं अन्य जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
