Home » Uncategorized » झांसी में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूर्ण — एडीएम प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

झांसी में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूर्ण — एडीएम प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश


झांसी, 25 अक्टूबर 2025।
झांसी में आगामी 1 और 2 नवंबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

एडीएम ने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित कर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र संबंधी जानकारी दी जाएगी।

1 नवंबर को कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड पदों की परीक्षा में 3360 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि 2 नवंबर को पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) व सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) पदों की परीक्षा में 3120 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा क्रमशः पूर्वाह्न 10:00 से 12:00 बजे और 10:00 से 12:30 बजे तक एक-एक पाली में होगी।

एडीएम ने सभी सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों व वॉइस रिकॉर्डर की क्रियाशीलता की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति दुरुस्त रखने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डुप्लीकेट या फर्जी अभ्यर्थियों को किसी भी दशा में परीक्षा में शामिल न होने दिया जाए। कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों की पहचान व प्रवेश पत्र का सावधानीपूर्वक परीक्षण करें। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही ली जाएगी।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, बैग, काला चश्मा, खाद्य सामग्री, सिगरेट, गुटखा आदि लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र के मुख्य द्वार पर ही इसकी सघन जांच की जाएगी।

एडीएम ने कहा कि सूचना पट्ट पर यह स्पष्ट कर दिया जाए कि परीक्षा कक्ष में केवल पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार के अनुचित साधन के प्रयोग या नकल के दोषी पाए जाने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से प्रतिबंधित कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरविंद कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा, सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।


150 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *