झांसी। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, झांसी मंडल में महिलाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। संविदा आधार पर महिला परिचालकों की भर्ती के लिए 25 मार्च 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, महेन्द्रपुरी कॉलोनी, ग्वालियर रोड, झांसी में आयोजित होगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि महिला अभ्यर्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए नीलिट द्वारा जारी सीसीसी (कंप्यूटर) प्रमाण पत्र अनिवार्य है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एनसीसी/एनएसएस, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन या स्काउट-गाइड का प्रमाण पत्र होना भी आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि चयनित महिला परिचालकों की तैनाती उनके गृह जनपद के अंतर्गत आने वाले डिपो में ही की जाएगी। भुगतान 2.02 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किया जाएगा। साथ ही, प्रतिमाह 22 दिन ड्यूटी करते हुए 5000 किलोमीटर पूरा करने पर प्रथम छमाही में 1500 रुपये और द्वितीय छमाही में 3000 रुपये, यानी पूरे वित्तीय वर्ष में कुल 4500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
