Home » Uncategorized » झांसी के पूंछ में कार डिवाइडर से टकराई, एसबीआई क्रेडिट कार्ड के जोनल हेड मैनेजर की मौत

झांसी के पूंछ में कार डिवाइडर से टकराई, एसबीआई क्रेडिट कार्ड के जोनल हेड मैनेजर की मौत

कार डिवाइडर से टकराई, एसबीआई क्रेडिट कार्ड के जोनल हेड मैनेजर की मौत
पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित कस्बा पूंछ ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एसबीआई बैंक क्रेडिट कार्ड के जोनल हेड मैनेजर झांसी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी विक्की छाबड़ा (35) एसबीआई झांसी में क्रेडिट कार्ड के प्राइवेट जोनल हेड मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह वह अपने साथी मुकुल, जो उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बकुआ शाखा मोठ में कैशियर पद पर तैनात हैं, के साथ कानपुर से झांसी जा रहे थे। दोनों लोग सुबह करीब छह बजे मारुति वैगनआर कार (नंबर UP 78 EW 0639) से रवाना हुए थे।
बताया जाता है कि सुबह करीब 9:30 बजे जब उनकी कार पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत एरच रोड के पास नेशनल हाईवे ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पूंछ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल मुकुल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ पहुंचाया।
वहीं, डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्की छाबड़ा को मृत घोषित कर दिया। मुकुल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

18 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *