ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने को SSP ने की समन्वय बैठक
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने झांसी शहर में बढ़ती यातायात समस्या, विशेषकर एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के कारण लगने वाले जाम को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एनएचएआई (National Highways Authority of India) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की।
बैठक में ओवर ब्रिज निर्माण स्थल के आसपास वाहनों के सुचारु आवागमन को सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि पीक आवर्स में जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। निर्माण स्थल के पास उचित सिग्नलिंग, बैरिकेडिंग और स्पष्ट मार्ग संकेत लगाए जाने पर विशेष बल दिया गया।
उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर उत्पन्न कठिनाइयों का संवेदनशीलता के साथ अवलोकन करें और स्थानीय यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। जनपदवासियों को होने वाली असुविधाओं को शीघ्र दूर करने के लिए दोनों पक्षों द्वारा नियमित अनुगमन एवं समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने पर सहमति बनी।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। निर्माण कार्य के दौरान भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
