होली शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, शाहजहांपुर थाने में पीस कमेटी की बैठक।
मोंठ : आगामी होली पर्व को लेकर थाना शाहजहांपुर में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी सत्य प्रकाश शर्मा ने की। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और सामाजिक लोगों ने भाग लिया।
थाना प्रभारी ने सभी से अपील करते हुए कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न करें और कानून व्यवस्था का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने या सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने कहा कि यदि कहीं कोई विवाद या समस्या होती है तो तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
