Home » Uncategorized » जालौन में राम राज्याभिषेक और भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन

जालौन में राम राज्याभिषेक और भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन


जालौन, 23 अक्टूबर:
जालौन सेवा समिति के तत्वावधान में लगातार चौथी बार नवीन गल्ला मंडी परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डा. दुर्गेश कुमार के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में राम राज्याभिषेक और लेजर लाइट एंड साउंड शो का विशेष आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम राजेश पांडेय, एसपी डा. दुर्गेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एम. पी. सिंह, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल और समिति के अध्यक्ष रामशरण विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटे प्रभु श्रीराम का तिलक और माल्यार्पण कर राज्याभिषेक किया गया।

इस दौरान डीएम और एसपी ने संदेश दिया कि बुराई पर अच्छाई की विजय का यह पर्व जीवन में बुराइयों को त्यागकर अच्छाइयों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवन के आदर्श सभी के लिए मार्गदर्शन हैं।

नगर में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर जालौन सेवा समिति की भी प्रशंसा की गई। डीएम और एसपी ने श्रीबाराहीं देवी मेला ग्राउंड पर पानी निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि से अपील भी की।

कार्यक्रम में जमकर आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिससे आकाश रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। संक्षिप्त रामायण का मंचन और देशभक्ति की धुन पर लेजर लाइट एंड साउंड शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र पाटकार मृदुल ने किया।

इस अवसर पर अध्यक्षता कर रहे डा. हरेन्द्र सिंह, एसडीएम विनय मौर्य, सीओ शैलेंद्र बाजपेई, प्रेमदास गुप्ता (भूरे मामा), कुलदीप पुरवार रामजी, संजय विश्वकर्मा, संजीव निरंजन, शशिकांत द्विवेदी, प्रताप नारायण उर्फ लल्ला तिवारी, प्रयाग गुरू, संजू निरंजन, अनुराग पटेल, मोहन कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष रामशरण विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नीरज श्रीवास्तव, पत्रकार, बोहदपुरा


147 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *