उरई
जालौन जनपद के उरई शहर में बेखौफ चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए फौजी के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये की चोरी कर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया गया कि उरई कोतवाली क्षेत्र की जेल चौकी अंतर्गत मवई रोड स्थित एक मकान में देर रात करीब 8 बदमाश घर के पीछे सीढ़ी लगाकर अंदर घुस गए। चोरों ने घर में मौजूद मां, बेटी और बेटे को बंधक बना लिया तथा मारपीट करते हुए तमंचे की नोंक पर घर की चाबियां छीन लीं।
इसके बाद बदमाशों ने आराम से घर में रखी अलमारी और लॉकर खंगाले। चोर करीब 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान आरोपियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर सिस्टम भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बच सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा बदमाशों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पीड़िता पिंकी यादव ने बताया कि बदमाशों ने परिवार को डराकर पूरी वारदात को अंजाम दिया और जाते समय धमकी भी दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
