जमीनी विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल
मोंठ : होली का त्योहार नजदीक आते ही जहां लोग रंगों की तैयारी में जुटे हैं, वहीं मोंठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरहा खुर्द में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जरहा खुर्द में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को यह विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में एक पक्ष से सूरज सिंह ताऊ, कालीचरण, राजवती, गौरव और सूरज घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से मानसिंह, उनकी पत्नी भुवनदेवी और नाती कृष्णपाल को चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार विवादित जमीन को लेकर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। पहले पक्ष का कहना है कि जमीन कालीचरण की भूमिधरी है और दूसरा पक्ष जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। वहीं दूसरे पक्ष ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों को उपचार के लिए पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सभी घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
:::: कोतवाल राजेश पाल सिंह ने कहा कि घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची, घायलों को मोंठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया है। जांच जारी हैं। दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
