चिन्हित स्थानों पर ही हो होलिका दहन, नई परंपरा न जोड़ें — कोतवाल राजेश पाल सिंह
मोंठ:होली के पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। कोतवाल राजेश पाल सिंह ने कहा कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन केवल चिन्हित स्थानों पर ही किया जाए। किसी भी नई जगह पर होलिका दहन की परंपरा शुरू न की जाए, ताकि विवाद की स्थिति पैदा न हो।
उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे और खुशियों का त्योहार है, इसलिए सभी लोग इसे शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं। यदि कोई व्यक्ति हुड़दंग करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा होली को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार गश्त की जाएगी। कोतवाल ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
