Home » Uncategorized » घनी बस्ती में अवैध पटाखा गोदाम पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

घनी बस्ती में अवैध पटाखा गोदाम पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

झांसी। मऊरानीपुर नगर के मोहल्ला शिवगंज में प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए घनी आबादी के बीच स्थित एक मकान से भारी मात्रा में पटाखे, बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात प्रशासन को गोपनीय सूचना मिली थी कि शिवगंज क्षेत्र में एक मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखों और विस्फोटक पदार्थों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर श्वेता साहू, तहसीलदार ललित कुमार पांडेय, थाना प्रभारी इंद्रपाल सरोज तथा फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से छापेमारी की।

जांच के दौरान मकान के अंदर से तैयार आतिशबाजी, कच्चा बारूद, रॉकेट, बम और अन्य विस्फोटक सामग्री की भारी खेप बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, बरामद विस्फोटक की मात्रा इतनी अधिक थी कि यदि उसमें जरा सी भी चिंगारी लग जाती, तो आसपास के कई घरों और गली-मोहल्लों में भारी जनहानि हो सकती थी।

प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए पूरे परिसर को घेर लिया और सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी विस्फोटक सामग्री को जब्त कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। इस मामले में घर के मालिक सहित संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने कहा कि त्योहारों के समय अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करना अत्यंत खतरनाक और दंडनीय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति घर या बाजार में विस्फोटक सामग्री न रखें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते की गई यह छापेमारी एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में सहायक साबित हुई। मौके पर पुलिस बल, फायर ब्रिगेड कर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


102 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *