Home » Uncategorized » ग्राम पंचायत अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया

ग्राम पंचायत अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया

कोंच (जालौन)।
विकासखंड कोंच के कार्यालय परिसर में शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे ग्राम पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली (Online Attendance) के विरोध में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण धरना दिया। सचिवों का कहना है कि ऑनलाइन हाजिरी थोपे जाने से शासकीय कार्यों के निष्पादन में बाधा उत्पन्न होगी और फील्ड में लगातार रहकर कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सचिवों पर अन्य विभागों के दायित्व थोपे जाने से उनकी मुख्य जिम्मेदारियां प्रभावित होती हैं। यदि अतिरिक्त कार्यभार समाप्त हो जाए, तभी वे अपने विभागीय कामकाज को कुशलता से पूरा कर सकेंगे।

धरने के दौरान सचिवों ने विकासखंड कार्यालय परिसर में फर्श पर बैठकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान उनके संगठन के बैनर तले पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सचिवों ने बताया कि ऑनलाइन हाजिरी की बाध्यता केवल दबाव बनाती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार नेटवर्क समस्याओं के कारण उपस्थिति दर्ज करना संभव नहीं हो पाता।

इसी सिलसिले में सभी ग्राम पंचायत सचिवों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन बीडीओ कोंच प्रशांत कुमार को सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को वापस लेने की मांग की और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यों से मुक्त किए जाने की बात कही। सचिवों ने यह भी उल्लेख किया कि शासकीय कार्यों को वे पूरी जिम्मेदारी से जारी रखेंगे, लेकिन अनावश्यक दबाव और अतिरिक्त कार्यों के कारण समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

सचिवों ने ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी कि अब उनके निजी मोबाइल नंबरों पर बनाए गए सभी शासकीय एवं विकासखंड स्तरीय व्हाट्सऐप ग्रुप वे छोड़ देंगे। उनका कहना है कि लगातार निर्देश और अतिरिक्त कार्य इन्हीं ग्रुपों के माध्यम से थोपे जाते हैं, जिससे नियमित पंचायत संबंधी कार्य प्रभावित होते हैं।

धरने के दौरान सचिवों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक विरोध चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
इस दौरान अनुज गुप्ता ब्लॉक अध्यक्ष,इंद्रजीत सिंह हेमन्त कुमार सूरज भान शिल्पी राजपूत वसीम खान आकांक्षा दीक्षित हर्षित गुप्ता पवन सिंह सहित सचिव मौजूद रहे।नीरज श्रीवास्तव रिपोर्टर

104 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *